200. राग बिलावल - श्रीकृष्ण बाल-माधुरी

राग बिलावल

[271]

...............

धेनु दुहत हरि देखत ग्वालनि ।

आपुन बैठि गए तिन कैं सँग, सिखवहु मोहि कहत गोपालनि ॥

काल्हि तुम्हैं गो दुहन सिखावैं, दुहीं सबै अब गाइ ।

भौर दुहौ जनि नंद-दुहाई, उन सौं कहत सुनाई ॥

बड़ौ भयौ अब दुहत रहौंगौ, अपनी धेनु निबेरि ।

सूरदास प्रभु कहत सौंह दै, मोहिं लीजौ तुम टेरि ॥

भावार्थ / अर्थ :-- श्यानसुन्दर गोपोंको गायें दुहते देखते हैं । (एक दिन) स्वयं भी उनके साथ बैठ गये और गोपालोंसे कहने लगे -'मुझे भी सिखलाओ ।' (गोपोंने कहा-) 'इस समय तो सब गायें दुही जा चुकी हैं, कल तुम्हें गाय दुहना सिखलायेंगे।' तब उनसे सुनाकर कहने लगे - 'तुम लोगोंको बाबा नन्दकी शपथ है, सबेरे मत दुह लेना । मैं अब बड़ा हो गया, अपनी गायें अलग करके स्वयं दुह लिया करूँगा ।' सूरदासजी कहते हैं कि मेरे स्वामी शपथ देकर (गोपोंसे) कह रहे हैं -'तुमलोग मुझे पुकार लेना ।'

टिप्पणियाँ (0)

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी लिखें!

टिप्पणी लिखें